*ज्यादा पाॅजीटिव केस वाले गांवों पर विशेष ध्यान देने के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने दिए निर्देश*
*अनूपपुर 28 जुलाई 2021/* खाद्य, नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन गांवों में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या अधिक है, उन गांवों पर विशेष ध्यान देकर मरीजों को स्वस्थ कर गांवों को कोरोना मुक्त किया जाए। श्री सिंह ने ये निर्देश आज यहां कलेक्टेª सभागार में संपन्न हुई विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक में दिए। बैठक में कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, पुलिस अधीक्षक श्री मांगीलाल सोलंकी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता संरक्षण मंत्री ने रोजाना होने वाली सेम्पलिंग की जानकारी लेते हुए आवश्यकता के अनुसार सैम्पलिंग करने के निर्देश दिए और जिला अस्पताल में सीटी स्केन मशीन चालू करने के लिए शीघ्र जरूरी कदम उठाने के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को उसका शीघ्र लाभ मिलना शुरू हो जाए।
श्री सिंह ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत से कोरोना मुक्त गांवों की जानकारी लेते हुए कोरोना मुक्त गांवों में कोरोना मुक्त गांव का बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने जिले में अबतक कोरोना मुक्त होने वाले मरीजों और ऐसे मरीजों के लिए उपलब्ध बेड़ों की जानकारी लेते हुए उपलब्ध फंड से चिकित्सा व्यवस्था हेतु जरूरी सामान खरीदने के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में संक्रमण है, वहां के मरीजो को कोविड केयर सेंटर में रखकर उनका उपचार करना सुनिश्चित किया जाए तथा क्षेत्र में मेडिकल किट का वितरण भी कराया जाए। श्री सिंह ने 18 वर्ष से ऊपर के व्यक्तियों समेत अबतक हुए टीकाकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि टीकाकरण को बढ़ावा दिया जाए। लोगों को इसके लिए प्रेरित किया जाए।
आपने बड़े गांवों में टीकाकरण केंद्र स्थापित कर गांवों में ही टीकाकरण करने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से पूछा कि जिले में ब्लैक फंगस का कोई केस तो नहीं है। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में ब्लैक फंगस का कोई केस नहीं है। श्री सिंह ने इसके बचाव की तैयारी रखने के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए।
0 टिप्पणियाँ