चिरमिरी नगर निगम में वाल राईटिंग के नाम पर फर्जी बिलों का भुगतान। अब कलेक्टर से हुई शिकायत।
पूर्व महापौर ने साक्ष्य सहित कार्यवाही की रखी मांग।
एमसीबी। जिले के इकलौते नगर निगम चिरमिरी में स्वच्छ भारत मिशन के तहत जागरूकता प्रचार अभियान में एक ही वाल राईटिंग का 3 वर्षो तक बिल भुगतान का अजीब मामला सामने आया है। इस सम्बंध में पूर्व महापौर और जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष के. डोमरु रेड्डी ने इस अजीबो गरीब मामले में साक्ष्य सामने रख कर उचित कार्यवाही की मांग की है।
इस संबंध में के. डोमरु रेड्डी ने बताया की चिरमिरी नगर निगम प्रबंधन द्वारा स्वच्छता प्रचार अभियान को लेकर वर्ष 2021 मे कराये गये वाल पेन्टिंग मे अंकित वर्ष 2021 को ओव्हर लेप कर 2022 करके (2021 के 1 को मिटाकर मात्र 2 लिखकर) पूरे पेन्टिंग का बिल भुगतान कर दिया गया है। इसलिए इस तरह के खुले हेराफेरी वाले भ्रष्टाचार पर कार्यवाही किये जाने के सम्बंध में उन्होंने कलेक्टर पी. एस. ध्रुव से मुलाकात कर उन्हें मामले से जुड़ी पूरी जानकारी दी है और उचित कार्यवाही की मांग की है। उन्होंने आगे बताया की चिरमिरी नगर पालिक निगम में आपसी सांठ-गांठ और मिली भगत से चल रहे खुले भ्रष्टाचार के मामले को लेकर फोटोग्राफ्स और विडियो डीव्हीडी के पूर्ण सबूत के साथ कलेक्टर का ध्यानाकर्षण कराया है। निगम कार्यालय परिसर के दीवारों और नीलम सरोवर के पानी टंकी तथा बाहर पार्किंग स्थल के दीवारों सहित सभाकक्ष और राजस्व शाखा के दीवारों में "स्वच्छ भारत अभियान" के आड़ में अधिकारियों के द्वारा पिछले वित्तीय वर्ष 2021 में कराये गये वाल पेन्टिंग्स के उपर बड़े सफाई के साथ मात्र 21 को मिटा कर उसे 22 कर पूरे पेन्टिंग के बिल का भुगतान कर दिया गया है।
यह मामला न केवल बेहद अनोखा है बल्कि इस कार्यालय में बहुत से ऐसे ही साँठगाँठ पूर्ण भ्रष्टाचार की चर्चाएँ पूरे शहर में हो रही हैं। यह भी ज्ञातव्य हो कि इन पेटिंग्स में से कुछ में तो 2020 के शून्य को मिटाकर 1 लिखकर 2021 बनाया गया है और बाद में उन्ही 2021 के 1 को मिटाकर 2 जोड़ते हुए 2022 कर एक अजीब और योजनाबद्ध तरीके से लगातार तीन वित्तीय वर्षों 2020 फिर 2021 और अब 2022 में बिल निकालकर बड़े भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया है जिसके सबूत संलग्न है। चिरमिरी नगर निगम के अधिकारियों के ऐसे नये नये कारनामों से हमारी पार्टी की छवि पर काफी विपरित प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए इसकी जाँच आवश्यक है जिससे की सही स्थिति सामने आ सके।
कांग्रेस नेता डोमरु रेड्डी ने कहा है की खुले भ्रष्टाचार का दुःसाहस वाले इस संवेदनशील मामले में निवेदन है की इस गम्भीर मामले के मद्देनजर त्वरित हस्तक्षेप कर सम्बंधित भ्रष्ट अधिकारियों पर दण्डात्मक कार्यवाही करने के साथ ही साथ चिरमिरी नगर निगम में आपसी रजामंदी से चल रहे इस तरह के गोलमोल भुगतानों का आडिट कराने की भी मांग उन्होंने की है। इस फर्जी बिल निकासी से सम्बंधित 08 फोटोग्राफ्स एवं 09 विडियो की डीव्हीडी सहित पत्र की प्रतिलिपि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव एवं संचालक सहित नगर निगम आयुक्त को भी भेजकर, उचित कार्यवाही की मांग की गई है।
0 टिप्पणियाँ