*आमाडांड़ कालरी के उत्खनन प्रभावित करने वाले आंदोलनकारियों से चर्चा कर शांति व्यवस्था के साथ समाधानकारक हल निकालने कलेक्टर की अध्यक्षता में 25 अक्टूबर को पुनः होगी बैठक*
*प्राशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक में लिया गया निर्णय*
अनूपपुर 22 अक्टूबर 2022/ जमुना कोतमा क्षेत्र के आमाडांड कालरी के कोयला खनन क्षेत्र में किए जा रहे आंदोलन की शांति व्यवस्था हेतु प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट में गुरूवार को कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अखिल पटेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन, एसडीएम कोतमा श्री मायाराम कोल, एसडीओपी कोतमा श्री शिवेन्द्र सिंह, तहसीलदार कोतमा श्री ईश्वर प्रधान, थाना प्रभारी रामनगर श्री राकेश वैश्य, नायब तहसीलदार कोतमा श्री आदित्य द्विवेदी उपस्थित थे।
बैठक में एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्रांतर्गत आमाडांड़ कालरी के कोयला खनन को बाधित करने से उत्पन्न कानून व्यवस्था पर चर्चा की गई तथा आंदोलनरत महिलाओं एवं पुरुषों के उग्र प्रदर्षन के संबंध में निर्णय लिया गया कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। बैठक में थाना प्रभारी रामनगर ने बताया कि 6 लोगों के विरूद्ध अपराध कायम किया जा चुका है। अन्य लोगों के विरूद्ध भी प्रकरण कायम किए जाने की कार्यवाही प्रचलन में है। बैठक में आंदोलन में शामिल लोगों को भड़काने और हिंसात्मक कार्यवाही करने हेतु प्रोत्साहित करने वालों को चिन्हित कर ऐसे लोगों के विरूद्ध कार्यवाही का भी निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आंदोलनकारियों के प्रतिनिधियों के साथ एक और मौका देते हुए समाधानकारक चर्चा की जाए, जिससे आंदोलन को समाप्त कर शांति व्यवस्था स्थापित की जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 25 अक्टूबर 2022 को जिला स्तर पर पुलिस अधिकारियों के साथ ही आंदोलनकारियों के 5 प्रतिनिधियों को बुलाकर पुनः बैठक आयोजित कर उभय पक्षों के समक्ष वास्तविक मुद्दों पर चर्चा किया जाकर समन्वय स्थापित किया जा सके।
0 टिप्पणियाँ