वार्डवासियों के श्रमदान पर तालाब देखने पहुंचा नगर पालिका अमला, जीर्णोद्धार के लिए निर्णय
पार्षद ने किया था अनसुना, पत्रिका खबर प्रकाशन पर नपा अमले ने लिया संज्ञान
अनूपपुर। नगर पालिका बिजुरी के वार्ड क्रमांक 8 दलदल गांव स्थित बदहाल तालाब को वार्डवासियों द्वारा श्रमदान कर संरक्षित किए जाने बढ़ाए गए कदम के दूसरे दिन नगरपालिका अमला तालाब पहुंचा। जहां नगर पालिका अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा सहित अन्य कर्मचारियों ने दलदल स्थित तालाब की बदली स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान तालाब को संरक्षित करने के लिए तथा उसके नजदीक प्राकृतिक जल स्रोत ठोही को भी पुनर्जीवित किए जाने के लिए योजना बनाई। इस मामले में पत्रिका ने २ जून को खबर प्रकाशित कर वार्डवासियों द्वारा किए जा रहे श्रमदान और बदलती तालाब की तस्वीर की से नगरीय प्रशासन को अवगत कराया था। साथ ही यह भी बताने का प्रयास कि वार्डवासियों द्वारा पार्षद को सफाई के लिए की गई अपील में उनके द्वारा अनसुना किया गया था। जिसके बाद वार्डवासियों ने सामूहिक श्रमदान का निर्णय लेते हुए तालाब की सफाई कर डाली और गंदे पानी को दूर बहा दिया।
बॉक्स: तालाब गहरीकरण के साथ ठोही को किया जाएगा संरक्षित
नगर पालिका अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह ने मौके पर पहुंचकर 2 दिनों के भीतर जेसीबी के माध्यम से तालाब को संरक्षित कराए जाने का आश्वासन दिया। साथ ही ताबाल के गहरीकरण कराने और तालाब में बने प्राकृतिक जल स्रोत ठोही को भी संरक्षित व पुनर्जीवित करने की बात कही। वहीं स्वयं के खर्च से तालाब के चारों ओर पक्का घाट का निर्माण किया जाएगा। वहीं वार्डवासियों द्वारा किए गए सफाई कार्य की प्रशंसा करते हुए सामूहिक श्रमदान में शामिल लोगों को धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही नपा अध्यक्ष ने साफ सफाई में हुई लेटलतीफी पर खेद जताया।
0 टिप्पणियाँ