प्रधानमंत्री आवास का निर्माण समय-सीमा में करने हितग्राहियों को करें प्रेरित-खाद्य मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह 

खाद्य मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण तथा मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की समीक्षा 
अनूपपुर 21 अक्टूबर 2022/ प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण एवं शहरी के तहत शत्-प्रतिषत् हितग्राहियों के आवासों का निर्माण कार्य की पूर्णता के लिए सघन मॉनीटरिंग के साथ ही जिन हितग्राहियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास के तहत आवास निर्माण राशि की किश्‍त प्राप्त कर ली है और निर्माण कार्य नही करा पा रहे हैं। उन्हें आवास निर्माण के लिए प्रेरित कर आवास का कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उक्ताशय के विचार मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास निर्माण तथा मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की समीक्षा करते हुए व्यक्त किए। बैठक में कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के पूर्व संचालक श्री बृजेश गौतम, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री रामदास पुरी, श्री उदय प्रताप सिंह, श्री जीतेन्द्र सोनी सहित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित थे। 
बैठक में कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के संदर्भ में अब तक की गई कार्यवाही से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों के समन्वित प्रयास से मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत घर-घर सर्वे के माध्यम से पात्रताधारी हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत चिन्हांकन की कार्यवाही कर हितलाभ देने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में सर्वे तथा शिविर का कार्य सम्पन्न हो चुका है। द्वितीय चरण में 01 नवम्बर से हितलाभ वितरण का कार्यक्रम आयोजित कर पात्र जनों को हितलाभ का वितरण किया जाएगा। 
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एसईसीसी डाटा, आवास स्वीकृति, आवास प्लस में पंजीयन, ओल्ड आवास के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि धनतेरस के अवसर पर 22 अक्टूबर को प्रदेश के साथ ही अनूपपुर जिले में भी गृह प्रवेष का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसमें जिले के 2588 आवासों में हितग्राहियों का प्रवेश कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के चारों जनपद क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर गृह प्रवेश के साथ ही विभिन्न शासकीय हितग्राहीमूलक योजनाओं का हितलाभ भी प्रदान किया जाएगा। 
बैठक में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के पूर्व संचालक श्री बृजेश गौतम ने डोला, डूमरकछार, बनगवॉ नगरीय क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास शहरी के तहत पात्रताधारियों को भू-अधिकार के समस्या के संबंध में जानकारी दी गई। जिस पर कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।